आज के वचन पर आत्मचिंतन...
"वह मेरे जी में जी ले आता है|" सुनने में यह कितना सुखद लगता है, है न? लेकिन दाऊद का चरवाहे वाला भजन (भजन संहिता 23:1-6) और हमारे अच्छे चरवाहे के रूप में यीशु की प्रतिज्ञाएँ (यूहन्ना 10:14-15) केवल मधुर धार्मिक बातें मात्र नहीं हैं। जब हम उस बिंदु पर पहुँच जाते हैं जहाँ हमें लगता है कि अब हम और आगे नहीं बढ़ सकते, तब हमारा चरवाहा हमें वह शक्ति प्रदान करता है जिससे हम चलते रह सकें। जब हम संघर्ष में होते हैं और परिस्थितियाँ कठिन होती हैं, तो उसकी सामर्थ्य हमें थामे रखती है, ताकि हम दौड़ें और थकित न हों। जब हम उसके नाम में जीत हासिल कर रहे होते हैं, तो हम उकाबों की नाईं उड़ान भर सकते हैं क्योंकि वह हमारा आधार है और हमें संभालता है (यशायाह 40:28-31)। परमेश्वर का पुत्र हमारा वह अच्छा चरवाहा है जो हमसे प्रेम करता है, हमें थामता है, हमारा पोषण करता है, हमें शांत करता है और हमारे प्राणों को फिर से तरोताजा करता है। "यहोवा मेरा चरवाहा है, मुझे कुछ घटी न होगी। वह मुझे हरी-हरी चराइयों में बैठाता है; वह मुझे सुखदाई जल के झरने के पास ले चलता है; वह मेरे जी में जी ले आता है।"
मेरी प्रार्थना...
हे कोमल किंतु सर्वशक्तिमान चरवाहे, कृपया आज रात मुझे विश्राम का आशीष दें, आज और कल के लिए शक्ति दें, मेरी परीक्षाओं के समय के लिए धीरज और यह विश्वास दें कि आप अपने अनुग्रह और सामर्थ्य के साथ मुझे संभालने के लिए मेरे निकट हैं। मेरे अच्छे चरवाहे, यीशु के नाम में, मैं प्रार्थना करता हूँ। आमीन।


