आज के वचन पर आत्मचिंतन...
भले ही हमारे सामने का मार्ग प्रश्नों और चिंताओं से धुंधला हो सकता है, पर हम पीछे मुड़कर देख सकते हैं और उन कई तरीकों को देख सकते हैं जिनसे परमेश्वर ने अतीत में हमारी ओर से काम किया है ताकि हम उन स्थानों तक पहुँच सकें जहाँ हमें आज होना चाहिए। लेकिन हमारे परे, हम इतिहास भर में उसके काम को भी देखते हैं, क्योंकि उसने पुराने नियम में अपने लोगों, इस्राएल को, और प्रेरितों के कामों की पुस्तक में उन शुरुआती दिनों में यीशु के चेलों यानी अपनी शुरुआती कलीसिया के लोगों को मार्गदर्शन और सुरक्षा प्रदान की है। हम यह आश्वासन रख सकते हैं कि परमेश्वर की प्रतिज्ञाएँ सच्ची हैं और उसमें हमारी विजय निश्चित है क्योंकि हमने उसे अतीत में कार्य करते देखा है। हम अपने विश्वास के कारण उस बात के विषय में आश्वस्त हो सकते हैं जिसकी हम आशा करते हैं, और हम उस बात के विषय में निश्चित हो सकते हैं जिसे हम अभी तक नहीं देखते हैं!
मेरी प्रार्थना...
सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हम विश्वास करते हैं कि इस संसार के होने से पहले, तू विद्यमान था। हम भरोसा रखते हैं कि आज भी तू अपने अनुग्रह के वचनों से हमारे संसार को संभाले हुए है। हमें यह दृढ़ विश्वास है कि भविष्य के आने से पहले, तू पहले से ही वहाँ उपस्थित है और हमारे लिए उसे तैयार कर रहा है। हम तुझसे प्रार्थना करते हैं कि उन क्षणों में जब हमारा विश्वास कमज़ोर हो, तू हमारी सहायता कर कि हम तेरी विश्वासयोग्यता को स्मरण रखें और आगे बढ़ते रहें, यह विश्वास करते हुए कि तू वहाँ उपस्थित है, और हमारे उस भविष्य में, जो हमें अनिश्चित प्रतीत होता है, अपने अनुग्रह के साथ हमारी प्रतीक्षा कर रहा है। यीशु के नाम में, हम प्रार्थना करते हैं। आमीन।


