आज के वचन पर आत्मचिंतन...
जो कुछ हम जानते और विश्वास करते हैं, उसका कोई विशेष महत्त्व नहीं है यदि वह हमारे दैनिक जीवन जीने के ढंग में प्रकट नहीं होता। दुर्भाग्य से, हम में से अधिकांश लोग जितनी सत्य की बातें जानते हैं, उतनी आज्ञा का पालन नहीं करते। सीधी और सरल बात यह है कि जो विश्वास हमारे प्रतिदिन के जीवन में जी कर नहीं दिखाया जाता, वह सच्चा विश्वास नहीं है; वह एक ढोंग है (याकूब 2:14-15, 17, 18, 20)। जिस प्रकार यीशु ने हमें यह आदेश दिया था कि जो कुछ हमने उससे सीखा है उसे अपने आचरण में लाएँ (मत्ती 7:23-27), उसी प्रकार उनके भाई याकूब ने भी हमें यही बात स्मरण कराई है: जब हम परमेश्वर के वचन के सत्य को सीख लेते हैं, तब हमारे लिए केवल एक ही बात शेष रहती है: उसकी आज्ञा का पालन करना और उसे अपने जीवन में चरितार्थ करना!
मेरी प्रार्थना...
हे पवित्र परमेश्वर, कृपया हमारी सहायता कर कि जो कुछ हम तेरी इच्छा के विषय में जानते हैं और जो सत्य तूने हमें दिया है, उसे हम अपने जीवन में चरितार्थ करें। और हे प्रिय प्रभु, विनती है कि आज हम इसे पूरे उत्साह के साथ करें, और दिन-प्रतिदिन तब तक करते रहें जब तक हम महिमा में तेरी उपस्थिति में न आ जाएँ। प्रभु यीशु के नाम से, मैं प्रार्थना करता हूँ। आमीन।


