आज के वचन पर आत्मचिंतन...

क्या आप कभी-कभी जीवन के मार्ग पर चलते हुए हमारी अगुवाई के लिए रात में आग के खंभे और दिन में बादल के खंभे की लालसा नहीं करते? परमेश्वर ने इस्राएलियों को उनके जंगल के प्रवास के दौरान ये आशीषें प्रदान की थीं (निर्गमन 13:21-22; नहेमायाह 9:19-21)। उन्हें कभी भी इस बात पर संदेह करने की आवश्यकता नहीं पड़ी कि परमेश्वर की उपस्थिति उनके साथ थी और उसकी देखरेख उन पर बनी हुई थी। तत्पश्चात, मुझे यीशु के अनुयायियों के रूप में हमारे साथ परमेश्वर की प्रतिज्ञात और निरंतर बनी रहने वाली उपस्थिति का स्मरण आता है। यह वास करने वाली उपस्थिति पवित्र आत्मा है (यूहन्ना 7:37-39; रोमियों 8:14)। आत्मा की यह उपस्थिति इस प्रतिज्ञा के साथ जुड़ी है कि परमेश्वर हमें कभी न छोड़ेगा और न कभी त्यागेगा (रोमियों 8:38-39; इब्रानियों 13:5-6)। जब हम परमेश्वर की उपस्थिति की खोज करते हैं और उसके स्वभाव का आदर करते हैं, तो वह अपनी इच्छा पूरी करने के लिए हमें वहीं पहुँचाएगा जहाँ हमें होना चाहिए। हम यह निश्चय रख सकते हैं कि वह हमारे जीवन में वही कार्य करेगा जो इस जीवन और आने वाले जीवन में हमारे लिए सर्वोत्तम लाभदायक है (रोमियों 8:28)। हाँ, यहोवा ही हमारा परमेश्वर और उद्धारकर्ता है, और वह हमें उसी मार्ग पर ले चलता है जिस पर हमें चलना चाहिए!

मेरी प्रार्थना...

हे स्वर्गीय पिता, कृपया हम में से प्रत्येक की उन स्थानों पर अगुवाई करें जहाँ आप चाहते हैं कि हम हों, उन सेवकाइयों में जिनमें आप चाहते हैं कि हम सेवा करें, और उन लोगों तक जिन्हें आप सबसे अधिक चाहते हैं कि हम स्पर्श करें और प्रभावित करें। हे प्यारे पिता, कृपया हम में से प्रत्येक के हृदय को अपने कार्य को करने के लिए आकर्षित करें और हमारी सहायता करें कि हम कभी भी आपकी निरंतर बनी रहने वाली उपस्थिति और उस भविष्य से दृष्टि न हटाएं जो यीशु के महिमा में प्रकट होने पर उसके साथ हमारा होगा (कुलुस्सियों 3:2-3 एवं 1 यूहन्ना 3:1-2)। यीशु के नाम में, हम प्रार्थना करते हैं। आमीन।

आज का वचन का आत्मचिंतन और प्रार्थना फिल वैर द्वारा लिखित है। help@verseoftheday.com पर आप अपने प्रशन और टिपानिया ईमेल द्वारा भेज सकते है।

टिप्पणियाँ