आज के वचन पर आत्मचिंतन...

सच्चा और स्थायी आनंद परमेश्वर में पाया जाता है, न कि अस्थायी वस्तुओं, क्षणिक उपलब्धियों, या नश्वर धन-दौलत में। सच्चा आनंद, बना रहने वाला आनंद, और कभी पराजित न होने वाला आनंद यह जानने में है कि परमेश्वर सदैव हमारे साथ रहता है, हमें संभालता है, हमारी सहायता करता है, हमारी रक्षा करता है, और हमें थामे रहता है, और फिर एक दिन वह हमें अपने साथ अपने सर्वकालिक घर में सम्मिलित करने आएगा। हम आनंदित क्यों न हों? परमेश्वर हमसे इतना प्रेम करता है कि उसने अपने सबसे बहुमूल्य खजाने से स्वर्ग को रिक्त कर दिया ताकि हम महिमा में और कभी न समाप्त होने वाले आनंद में उसके साथ सहभागी हो सकें। हम इस सब के विषय में इतने निश्चित कैसे हो सकते हैं? हम उस खाली कब्र को, अपने जीवित उद्धारकर्ता को, और प्रभु के उन चेलों को स्मरण करते हैं जो जी उठे यीशु से मिले और "आनंद के मारे विश्वास न किया" (लूका 24:41-43)। तौभी, वह अविश्वास उस अपार आनंद में विलीन हो गया जब यीशु ने उनके सामने मछली खाई, जबकि वे अपने पुनरुत्थित उद्धारकर्ता को देखकर विस्मित हो रहे थे।

मेरी प्रार्थना...

बहुमूल्य पिता, सदैव हमारे पक्ष में, हमारे संग, और हमारे भीतर उपस्थित रहने के लिए आपका धन्यवाद। इससे पहले कि हमारी जीभ पर वचन आए, आप हमारे हृदयों की बात को जानते हैं। आप हमारी ऐसी सुधि लेते हैं जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। हम आपको जानने, आपको आमने-सामने देखने, और स्वर्ग के असीम आनंद में आपके साथ सहभागी होने की लालसा रखते हैं। तब तक, हम सचमुच आनंदित होते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि हमारा भविष्य आपके हाथों में है! धन्यवाद; हम अपने जीवित और विजयी प्रभु, यीशु मसीह के नाम में आनंद मनाते हैं। आमीन।

आज का वचन का आत्मचिंतन और प्रार्थना फिल वैर द्वारा लिखित है। help@verseoftheday.com पर आप अपने प्रशन और टिपानिया ईमेल द्वारा भेज सकते है।

टिप्पणियाँ