आज के वचन पर आत्मचिंतन...
मित्रों, परिजनों और अपरिचितों की खुली कब्रों के पास खड़े रहकर, मैं मृत्यु की अंतिमता और हमारी मानवीय दुर्बलता के अहसास को जानता हूँ। तौभी, मसीह की मृत्यु हमें सामर्थ्य के साथ यह स्मरण कराती है कि हम पर मृत्यु का अधिकार हमारे दृष्टिकोण और यीशु के उद्धार कार्य में दृढ़ विश्वास पर निर्भर करता है। मेरा यह विश्वास है कि परमेश्वर ने यीशु को मरे हुओं में से जिलाया और यीशु हम में से उन लोगों का पहला फल है जो उस पर विश्वास करते हैं (1 कुरिन्थियों 15:20-23)। मेरा यह विश्वास है कि वह केवल आत्मिक रूप में ही नहीं, वरन शारीरिक उपस्थिति में मरे हुओं में से जी उठा ताकि मृत्यु को पराजित करे और मृत्यु के पार हमारे लिए "जीवन और अमरता को प्रकाश में लाए" (2 तीमुथियुस 1:10)। क्योंकि यीशु जीवित है, इसलिए हम भी जीवित रहेंगे! कोई भी कब्र उसे बाँधकर नहीं रख सकी, और उसी के कारण, कोई भी कब्र हमें बाँधकर नहीं रख सकती। और उस नए जीवन में जो आगे है, यीशु हमें महिमा में परमेश्वर के पास, और उस पर विश्वास करने वाले एक दूसरे के पास ले आएगा (1 थिस्सलुनीकियों 4:16-18)।
मेरी प्रार्थना...
सर्वशक्तिमान परमेश्वर, तेरे अनुग्रह, आत्मा, क्षमा और अनन्त जीवन के वरदानों के लिए तेरा धन्यवाद। सबसे बढ़कर, तेरे पुत्र के वरदान के लिए धन्यवाद, जिसने तेरे उद्धार के द्वारा मुझ में "जीवन और अमरता को प्रकाश में लाया।" यद्यपि मरने की, या मरने की प्रक्रिया से होकर गुजरने की मेरी कोई विशेष अभिलाषा नहीं है, तौभी मैं जानता हूँ कि मैं मृत्यु के पार तेरे साथ होने और यीशु के द्वारा अपनी विजय को मेरे साथ साझा करने की आशा रख सकता हूँ। कृपया मुझे वह साहस प्रदान कर जिससे मैं उस दिन तक प्रतिदिन तेरे लिए दृढ़ निश्चय के साथ जीता रहूँ, जब तक कि तू मुझे महिमा में अपने पास घर न बुला ले। यीशु के नाम से, मैं प्रार्थना करता हूँ। आमीन।


