आज के वचन पर आत्मचिंतन...
यह प्रतिज्ञा मूल रूप से यशायाह के दिनों में परमेश्वर के लोगों के उस विश्वासयोग्य शेष भाग से की गई थी जो अपने भ्रष्ट और विषैले पड़ोसियों के मध्य जी रहे थे। परमेश्वर चाहता था कि वे अपने समय में, ठीक वैसे ही जैसे वह आज यीशु के चेलों से चाहता है, यह जानें कि वह हमें जानता है, उसने अपनी आत्मा के द्वारा हमें जन्म दिया है (यूहन्ना 1:12-13, 3:3, 8), और वह हमें कभी न छोड़ेगा और न त्यागेगा (रोमियों 8:37-39; इब्रानियों 13:5-6)। जब हम संकट में होंगे अथवा जब हम बूढ़े हो जाएंगे, तब भी परमेश्वर हमें नहीं भूलेगा। हो सकता है कि हमारी आयु हमारे मित्रों से अधिक हो और जो हमें जानते हैं वे हमें भूल जाएं। तौभी, परमेश्वर हमें संभालेगा, उठाएगा, रक्षा करेगा और छुड़ाएगा (यशायाह 46:3)। और जब हमारी सांसारिक यात्रा समाप्त हो जाएगी, तो पिता हमें छुड़ाने के लिए यीशु को भेजेगा, और "हम सदा प्रभु के साथ रहेंगे। सो इन बातों से एक दूसरे को शान्ति दिया करो" (1 थिस्सलुनीकियों 4:17-18)।
मेरी प्रार्थना...
हे हमारे पिता, हमें कभी न भूलने की प्रतिज्ञा के लिए आपका धन्यवाद। प्राचीन काल के अपनी संतानों के प्रति आपकी सच्चाई के कारण, हम जानते हैं कि हम आपकी उन प्रतिज्ञाओं पर भरोसा रख सकते हैं कि आप हमें कभी न छोड़ेंगे और न त्यागेंगे, तब भी जब हम बूढ़े हो जाएंगे। हम विश्वास करते हैं कि चाहे हम कहीं भी हों या कहीं भी जाएं, आप हमारे संग चलेंगे, हमें संभालेंगे, हमारी अगुवाई करेंगे, और हमें उठाए फिरेंगे। यीशु के नाम में, जब तक कि हम आपकी उपस्थिति के घर में न पहुँच जाएं, आपके साथ अपनी इस यात्रा की आशा रखते हुए हम अपना हार्दिक धन्यवाद अर्पित करते हैं। आमीन।


