आज के वचन पर आत्मचिंतन...
यीशु अपने पहाड़ी उपदेश में बोल रहे हैं। वह चाहते हैं कि हम उन सभी वस्तुओं की चिंता न करें जिनके पीछे हम प्रायः भागते हैं। इसलिए, आइए हम अपने जीवन पर परमेश्वर की प्रभुता और उसकी धार्मिकता की खोज करें—उसका निरंतर पीछा करें—जो हमारे दैनिक व्यवहार में उसके पवित्र स्वभाव को प्रतिबिंबित करती है। अन्य सब कुछ जिसके पीछे हम भागते हैं, क्षणिक है। केवल परमेश्वर और उसका राज्य ही सदा स्थिर रहते हैं। जैसे-जैसे हम परमेश्वर के राज्य और उसकी धार्मिकता की खोज करते हैं, यीशु प्रतिज्ञा करते हैं कि जो हमें अपना राज्य और अपनी धार्मिकता देता है, वह हमें इस जीवन में हमारी आवश्यकता की वस्तुएं देकर भी आशीष देगा!
मेरी प्रार्थना...
पवित्र प्रभु, केवल आप ही में मुझे वह प्राप्त होता है जो मेरे प्राण की गहनतम लालसाओं को तृप्त करता है। जिन वस्तुओं ने मेरी आँखों को आकर्षित किया, वे थोड़े ही समय के बाद नीरस हो गईं। जिन कृत्रिम वस्तुओं के पीछे मैं भागा, मेरी वे समस्त व्यसनी रुचियाँ, उन्होंने मुझे रिक्त, दासत्व में और ऋणी छोड़ दिया है। मुझे केवल और केवल आप ही में आशा और सहायता मिलती है। मैं भजनकार दाऊद के साथ सहभागी होकर यह अंगीकार करता हूँ: केवल परमेश्वर ही में मेरे प्राण को शांति मिलती है; मेरा उद्धार उसी से होता है। केवल वही मेरी चट्टान और मेरा उद्धार है। वह मेरा गढ़ है; मैं कभी डिगाया न जाऊँगा। (भजन संहिता 62:1-2) हे प्रभु, मैं अपना जीवन केवल आप ही में विश्रामित करता हूँ। मैं पहिले आपके राज्य की खोज करता हूँ। मेरे अन्य सभी प्रयास और भाग-दौड़ केवल पवन को पकड़ने के समान व्यर्थ हैं। इसलिए, मैं आपके निकट आता हूँ ताकि आप मुझे सुधारें, अनुशासित करें, मेरी अगुवाई करें, और मुझे अपने विश्वासयोग्य सेवक के रूप में ढालें। यीशु के नाम में, मैं प्रार्थना और अंगीकार करता हूँ। आमीन।


