आज के वचन पर आत्मचिंतन...
आनन्द की संगीत और गीत से उत्तम कोई और व्याख्या नहीं है। हम परमेश्वर के निमित्त गाते हैं क्योंकि हम आनन्दित हैं! हमारा संगीत संकोच से भरा या रुका हुआ नहीं है; यह उल्लासपूर्ण और जितना मन से परिपूर्ण है, उतना ही ध्वनि से भी भरा है। जब हम महिमा (आराधना) करते हैं, तो हमारे शरीर हमारे मनों की भावनाओं के प्रति उत्तर देते हैं, क्योंकि पवित्र आत्मा हमें भरता और प्रेरित करता है (इफिसियों 5:18-21)। आओ, हम परमेश्वर के निमित्त आनन्द से गाएं; अपने उद्धार की चट्टान का ऊँचे स्वर से जयजयकार करें। हम धन्यवाद करते हुए उसके सम्मुख आएं और संगीत तथा भजन गाते हुए उसकी स्तुति करें। धन्यवाद हमें पिता की उपस्थिति में ले आता है, जब हम परमेश्वर की प्रिय सन्तान के रूप में आनन्दपूर्वक उत्सव मनाते हैं।
मेरी प्रार्थना...
हे परम अद्भुत और महिमामय परमेश्वर, मुझे पाप, मृत्यु, नरक और जीवन की व्यर्थता से बचाने के लिए तेरा बहुत-बहुत धन्यवाद। अपने उद्देश्यों के लिए और अपनी "रचना" के रूप में मुझे बचाने के लिए तेरा धन्यवाद, उन विशेष कार्यों के साथ जिन्हें करने के लिए तूने मुझे सृजा है (इफिसियों 2:10)। मुझे बचाने और मेरे भीतर अपनी पवित्र आत्मा की उपस्थिति के द्वारा मुझे आश्वासन देने के लिए तेरा धन्यवाद। मैं बड़े उल्लास और उमड़ते हुए आनन्द के साथ तेरी महिमा (आराधना) करने के लिए तेरे सम्मुख आता हूँ। तेरे प्रेम और अनुग्रह ने न केवल मुझे आशा प्रदान की है, अपितु मुझे अपनी सन्तान बनाया है और मेरे जीवन के लिए मुझे अपना उद्देश्य दिया है। जब मैं आनन्दपूर्वक और धन्यवाद के साथ तेरी महिमा (आराधना) करता हूँ, तो कृपया मेरे हृदय की सुन और मेरी स्तुति के गीतों से प्रसन्न हो। यीशु के नाम से, मैं प्रार्थना करता हूँ और अब से लेकर युगानुयुग ऊँचे स्वर में तेरी स्तुति गाता हूँ। आमीन।


