आज के वचन पर आत्मचिंतन...
सोशल मीडिया द्वारा फैलाए गए बुरे विचारों, दुष्ट प्रभावों और झूठी आशाओं के हमले से सुरक्षित रहने के लिए हम कहाँ जा सकते हैं? हम परमेश्वर और उसके वचन, पवित्रशास्त्र, और यीशु के पास जा सकते हैं, जो इन पवित्रशास्त्रों की पूर्णता है और जीवित वचन है (यूहन्ना 1:1-18)। यद्यपि लोग विश्वासघाती और गुमराह हो सकते हैं, परमेश्वर ने अपने वचन के द्वारा, यीशु को भेजकर, और अपनी प्रेमभरी प्रतिज्ञाओं को निभाकर अपनी विश्वासयोग्यता को सिद्ध किया है। वह प्रतिज्ञा करता है कि वह न तो कभी हमें छोड़ेगा और न ही हमारा त्याग करेगा (इब्रानियों 13:5-6; रोमियों 8:38-39), और उसकी सच्चाई तथा उसकी प्रतिज्ञाएँ सदा बनी रहती हैं। जब हम अपने हृदय परमेश्वर के वचन को देते हैं, तो परमेश्वर हमारा शरणस्थान, ढाल, गढ़, दृढ़ नींव और चट्टान है।
मेरी प्रार्थना...
हे सर्वशक्तिमान परमेश्वर, केवल तू ही विश्वासयोग्य है। तू अपने वचन का पालन करता है और अपनी प्रतिज्ञाओं को पूरा करता है। मुझे क्षमा कर जब मैं तेरे वचन में तेरी इच्छा खोजने के स्थान पर अपनी ही समझ और अन्य लोगों की बुद्धि पर भरोसा रखता हूँ। कृपया मुझे अपनी बुद्धि प्रदान कर जब मैं तेरी इच्छा को खोजता हूँ और तेरी प्रतिज्ञाओं पर भरोसा रखता हूँ। तेरे परम वचन, यीशु के नाम में, मैं प्रार्थना करता हूँ। आमीन।


